Follow Us:

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बोले रोहित ठाकुर: आलाकमान का आदेश सर्वोपरि

➤ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर रोहित ठाकुर का बयान सामने आया

➤ आलाकमान का आदेश सर्वोपरि, नई जिम्मेदारी से नहीं हटेंगे पीछे

➤ शिक्षा विभाग की बैठक में स्कूलों की स्थिति और मानसून सत्र की तैयारी पर चर्चा

 

पराक्रम चंद, शिमला


शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गुरुवार को सचिवालय में शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए, उन्होंने हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर बयान दिया।

रोहित ठाकुर ने साफ कहा कि वे वर्तमान जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं लेकिन यदि पार्टी आलाकमान उन्हें कोई नई जिम्मेदारी देता है, तो वह कभी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता के लिए आलाकमान के आदेश को टालना संभव नहीं होता

हिमाचल कांग्रेस में इन दिनों संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं और रोहित ठाकुर का नाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रमुखता से लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि संगठन की अनुपस्थिति ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया है, और जल्द ही कार्यकारिणी का गठन किया जाना जरूरी है, विशेषकर पंचायत और शहरी निकाय चुनाव से पहले।

शिक्षा विभाग की बैठक को लेकर उन्होंने बताया कि यह एक नियमित समीक्षा बैठक थी जिसमें प्रदेश भर में हाल की बरसात से प्रभावित स्कूलों की स्थिति पर चर्चा हुई। राज्य में 500 से अधिक स्कूलों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें 200 से अधिक मंडी ज़िले में हैं। इन स्कूलों के पुनर्निर्माण और बजट आवंटन को लेकर अधिकारियों के साथ विमर्श हुआ।

इसके साथ ही, आगामी विधानसभा मानसून सत्र को देखते हुए भी शिक्षा विभाग की तैयारियों की समीक्षा की गई।