➤ जल्द मिलेगा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, अनुसूचित जाति या मंत्री में से होगा चयन
➤ लॉटरी पर विपक्ष को सीएम का जवाब – टिकट सिर्फ ऑनलाइन बिकेंगे
➤ सुधीर शर्मा पर मुख्यमंत्री का तंज – पूछा, क्या वही पैसे हैं जो पार्टी बदलने के लिए लिए थे?
पराक्रम चंद
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को अपने दिल्ली दौरे से शिमला लौट आए। राजधानी पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने पीटरहॉफ अतिथि गृह में आयोजित समारोह में 312 नवनियुक्त कला शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने छात्र केंद्रित समाचार प्लेटफॉर्म और स्कूल प्रदर्शन का मूल्यांकन करने वाली बेसलाइन रिपोर्ट भी जारी की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि अब शैक्षणिक सत्र के बीच में सेवानिवृत्ति नहीं होगी, इसे सत्र के अंत तक किया जा सकता है ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके अलावा सरकार साल में दो बार पदोन्नति देने के विकल्प पर भी विचार कर रही है।
सीएम सुक्खू ने घोषणा की कि नई भर्तियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य को जल्द नया अध्यक्ष मिलेगा। उन्होंने हाईकमान को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अध्यक्ष अनुसूचित जाति समुदाय से या वर्तमान मंत्रिमंडल के किसी सदस्य को बनाया जाए। साथ ही, जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की भी बात कही।
भाजपा द्वारा राज्य में लॉटरी शुरू करने को लेकर लगाए गए आरोपों पर सीएम ने जवाबी हमला किया। उन्होंने कहा, “भाजपा शासित कई राज्यों में लॉटरी चल रही है। हिमाचल में शुरू की जा रही लॉटरी के टिकट केवल ऑनलाइन बिकेंगे, दुकानों पर नहीं मिलेंगे।”
पूर्व कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा द्वारा जन्मदिन पर आपदा प्रभावितों को 51 लाख रुपये देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “देखना पड़ेगा, कहीं यह वही पैसा तो नहीं जो उन्होंने पार्टी बदलने के लिए लिया था।”



