Follow Us:

शिमला में महिला का पहले नहाते हुए बनाया वीडियो, फि‍र ब्‍लैकमेल कर करता रहा गंदा काम, मामला दर्ज

कोटखाई में महिला की नहाते हुए गुप्त रिकॉर्डिंग और ब्लैकमेलिंग का मामला
आरोपी ने कई बार किया दुष्कर्म, वॉट्सऐप वीडियो कॉल से भी धमकाया
पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की


शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसकी नहाते हुए रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पति की 2022 में कोटखाई में सरकारी महकमे में पोस्टिंग हुई थी। इस दौरान दंपत्ति ने स्थानीय गांव में एक किराए का मकान लिया था।

इसी बीच जुब्बल निवासी अनिल नाम का व्यक्ति, जो परिवार से पुरानी पहचान रखता था, उनके घर आने-जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि एक दिन आरोपी ने चुपके से उसका नहाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसी वीडियो के सहारे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

धमकी और डर के माहौल में आरोपी ने महिला के साथ कई बार शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने वॉट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए भी महिला के निजी पलों को रिकॉर्ड किया और फिर से वायरल करने की धमकी दी। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में आरोपी की पत्नी ने भी महिला को धमकाया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू शिमला महिला पुलिस थाना में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।