➤बिलासपुर-कीरतपुर फोरलेन पर समलेटू के पास लैंडस्लाइड
➤ट्रक पर गिरे पत्थर, चालक सुरक्षित, वाहन क्षतिग्रस्त
➤90 डिग्री कटिंग से बार-बार सड़क खिसकने की समस्या
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रविवार को तेज बारिश ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर समलेटू के पास अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे सड़क पर गुजर रहे वाहनों में हड़कंप मच गया। इस दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक इसकी चपेट में आ गया। हालांकि ट्रक सवार सुरक्षित बच निकले, लेकिन वाहन को गंभीर क्षति पहुंची।
भूस्खलन की वजह से फोरलेन दोनों ओर से पूरी तरह बंद हो गया और देखते ही देखते सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए कुछ वाहनों को जकातखाना मार्ग से, जबकि अन्य को भराड़ी पुल होते हुए कोठीपुरा-स्वारघाट मार्ग पर डायवर्ट किया।
फोरलेन कंपनी और प्रशासन की टीम ने कई घंटों तक मशक्कत कर एक ओर से मलबा हटाकर यातायात शुरू करवाया। हालांकि, दूसरी ओर अब भी मलबा और क्षतिग्रस्त ट्रक फंसा हुआ है, जिसके चलते आवागमन पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फोरलेन निर्माण कंपनियों की लापरवाही से यह स्थिति लगातार पैदा हो रही है। कंपनियों ने पहाड़ों की कटिंग 90 डिग्री पर की है, जिससे बरसात के मौसम में मिट्टी और पत्थर बार-बार खिसक रहे हैं। मेहला और समलेटू जैसे क्षेत्रों में यह समस्या सबसे ज्यादा गंभीर हो गई है। हर बारिश के बाद यहां भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है।



