➤बिलासपुर में भलू पुल के पास अंतिम संस्कार में पानी का बहाव
➤जेसीबी की मदद से चिता को बचाया गया
➤अस्थाई दीवार बनाकर पानी मोड़ा गया
बिलासपुर और हमीरपुर की सीमा पर स्थित भलू पुल के पास रविवार को एक बेहद अनोखी और संवेदनशील घटना सामने आई। यहां झंडूता विधानसभा क्षेत्र में एक शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। सब कुछ सामान्य ढंग से चल रहा था कि अचानक पास से बह रही शुक्र खड्ड का पानी तेज बहाव के साथ चिता की ओर बढ़ने लगा। पानी के दबाव से चिता बुझने और बह जाने की आशंका पैदा हो गई।
इस अचानक आई स्थिति ने वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों को असमंजस में डाल दिया। लोग घबराहट में इधर-उधर भागने लगे। लेकिन कुछ ही देर में स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया। पहले जेसीबी से चिता के आसपास जमा मलबा हटाया गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से एक अस्थाई दीवार तैयार की गई, ताकि पानी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ा जा सके।
ग्रामीणों की इस त्वरित कार्रवाई से चिता को बचा लिया गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सकी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे जेसीबी की मदद से पानी और मलबा हटाकर चिता को सुरक्षित रखा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में बारिश के चलते खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिसकी वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि सभी की त्वरित कोशिशों से अंतिम संस्कार पूरा हो पाया, लेकिन इस घटना ने सभी को गहरे तक झकझोर दिया।



