➤ कुल्लू में युवाओं ने 7 चिट्टा तस्कर पकड़े
➤ रस्सी से बांधकर कान पकड़वाए और पिटाई की
➤ पुलिस के हवाले किया, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के शमशी क्षेत्र में युवाओं ने नशे के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए सात चिट्टा तस्करों को पकड़ लिया। गुस्साए युवाओं ने इन तस्करों को रस्सी से बांधा, उनसे कान पकड़वाए और मौके पर ही उनकी पिटाई की। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि एक युवक लोगों से अपील कर रहा है कि अगर अब भी समाज एकजुट होकर ऐसे तस्करों को नहीं पकड़ेगा तो ये आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देंगे। उसने कहा कि ये तस्कर कई बार पकड़े जा चुके हैं, लेकिन सुधरने का नाम नहीं ले रहे।

पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल करवाया है। SHO भुंतर महेंद्र ने बताया कि चिट्टा इनके पास से बरामद नहीं हुआ, लेकिन अगर ब्लड सैंपल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि हुई तो इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
kullu-youths-catch-drug-peddlers
प्रदेश में चिट्टा तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कई युवा इसकी चपेट में आकर अपनी जान तक गंवा चुके हैं। ऐसे में अब लोग खुद भी जागरूक होकर समाज से इस नशे की बीमारी को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले रहे हैं।



