Follow Us:

तारा देवी में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


शॉर्ट सर्किट से तारा देवी में दुकान में लगी भीषण आग
दमकल विभाग ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
दुकान मालिक को करीब 30–32 लाख का नुकसान, मदद की मांग


राजधानी शिमला के तारा देवी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग 4:30 बजे अचानक एक दुकान में भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वे सड़क से गुजर रहे थे तो अचानक धुआं और लपटें उठती दिखीं। उन्होंने तुरंत ही दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 5:00 बजे आग पर काबू पाया गया।

इस हादसे में दुकान मालिक विशाल को लगभग 30 से 32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही कच्ची घाटी घोड़ा चौकी व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। व्यापार मंडल अध्यक्ष मलकीत सिंह ने पीड़ित को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और प्रशासन से अपील की कि पीड़ित परिवार को उचित राहत और सहायता प्रदान की जाए।