Follow Us:

आयुर्वेदिक अस्‍पताल के अंदर बंद कर दिया कुत्‍ता, रात भर चबाता रहा दवाएं

हमीरपुर बिझड़ी आयुर्वेदिक अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही उजागर
आवारा कुत्ता रातभर दवाइयां और नुस्खे चबाता रहा अंदर बंद होकर
स्थानीय लोगों का गुस्सा, अधिकारियों ने मांगी स्टाफ से जवाबदेही


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिझड़ी आयुर्वेदिक अस्पताल में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के स्टाफ ने बिना सही तरीके से जांचे भवन को बंद कर दिया, जिसके चलते एक आवारा कुत्ता रातभर अंदर फंसा रहा। सुबह जब स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कुत्ता दवाइयों और आयुर्वेदिक नुस्खों को दांतों से चबा रहा है। यही नहीं, अस्पताल में रखी पुड़ियों और अन्य सामग्री को भी उसने तहस-नहस कर दिया।

यह नजारा देखकर स्थानीय लोग भड़क उठे और अस्पताल प्रशासन पर जमकर गुस्सा निकाला। लोगों का कहना है कि यह घटना कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही के मामले देखे गए हैं। कभी पूरी रात लाइटें जलती रहती हैं, तो कभी पंखे बिना जरूरत के चलते रहते हैं।

स्थानीय टैक्सी चालक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल बनने के बाद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन कर्मचारियों की गैर-जिम्मेदारी से करोड़ों का निवेश व्यर्थ हो रहा है। वहीं अमरचंद नामक निवासी ने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से खिड़की से कुत्ते को दवाइयां चबाते देखा।

इस मामले पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बृजमोहन शर्मा ने माना कि स्टाफ की लापरवाही से यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि इस पर जवाबदेही तय की जाएगी और संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

यह घटना न सिर्फ अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आम लोगों की आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी उम्मीदों पर पानी फिर रहा है।