➤ विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी
➤ 22 सितंबर को डॉ. अमरीन कौर से शादी करेंगे, केवल करीबी परिवार और मंत्री होंगे शामिल
➤ शादी के कार्ड और एआई जनरेटेड फोटो सोशल मीडिया पर शेयर, आशीर्वाद के लिए जताया आभार
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आखिरकार अपनी शादी को लेकर पहली बार सोशल मीडिया पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपनी और होने वाली पत्नी डॉ. अमरीन कौर की एआई जनरेटेड फोटो शेयर की। इस पोस्ट में उन्होंने प्रदेशवासियों के प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार जताते हुए लिखा कि हिमाचल के 75 लाख लोग उनका परिवार हैं। उन्होंने अपनी शादी की तारीख 22 सितंबर बताई और अंत में जय श्री राम भी लिखा।

बता दें कि विक्रमादित्य सिंह का शादी का कार्ड बीते सप्ताह ही छप चुका था, लेकिन पहली बार उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी होने वाली पत्नी की फोटो साझा की है। विक्रमादित्य सिंह की शादी पंजाब की डॉ. अमरीन कौर से होगी, जो पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने साइकोलॉजी में पीएचडी की है और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई कर चुकी हैं।
शादी की रस्में 22 सितंबर को सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अमरीन के घर पर आनंद कारज से होंगी। इसके बाद लंच रखा गया है और शाम को विक्रमादित्य सिंह दुल्हन को लेकर शिमला लौटेंगे। खास बात यह है कि शादी के बाद किसी भी तरह का बड़ा रिसेप्शन या धाम नहीं होगा, क्योंकि यह उनकी दूसरी शादी है। केवल करीबी परिवार और मंत्रियों को ही बुलाया जाएगा।

गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह की पहली शादी 2019 में सुदर्शना चूंडावत से हुई थी, जो जयपुर की अमेट रियासत से ताल्लुक रखती थीं। हालांकि आपसी मतभेद के चलते यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चला और हाल ही में उनका तलाक हुआ।
अब विक्रमादित्य सिंह की शादी की खबर हिमाचल और पंजाब दोनों जगह चर्चा में है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें और उनकी होने वाली पत्नी डॉ. अमरीन कौर को ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं।



