➤ दो माह के बच्चे को जीवन रक्षक इंजेक्शन देकर निभाया फर्ज
➤ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोगों ने हौंसले की सराहना और चिंता जताई
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्टाफ नर्स कमला ने अपने कर्तव्य पथ पर चलते हुए ऐसा साहस दिखाया कि अब पूरे इलाके में उनकी चर्चा हो रही है। चौहारघाटी की सुधार पंचायत के गढ़ नाले का वीडियो वायरल हो गया है जिसमें कमला उफनते नाले को पत्थरों पर कूदते हुए पार करती नजर आती हैं। नाले का पानी उफान पर था और किसी को भी बहा ले जाने की क्षमता रखता था, लेकिन कमला ने जान की परवाह किए बिना ड्यूटी निभाई।
जानकारी के अनुसार, कमला टिक्कर गांव की रहने वाली हैं और उन्हें सुधार पंचायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के लिए पहुंचना था। हाल ही में भारी बारिश के कारण इलाके के फुट ब्रिज टूट गए हैं, जिससे रोजाना आना-जाना बेहद मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद कमला ने करीब चार किलोमीटर पैदल सफर तय किया और उफनते स्वाड़ नाले को कूदकर पार किया। इसके बाद उन्होंने एक दो माह के बच्चे को जीवन रक्षक इंजेक्शन लगाया और फिर अपनी ड्यूटी पर पहुंचीं।
हालांकि, यह जोखिम जानलेवा भी साबित हो सकता था। जिले में हाल ही में कई घटनाएं हो चुकी हैं जहां लोग नालों को पार करते वक्त बह गए। सराज में एक महिला और पुरुष बहकर मुश्किल से बचे थे, वहीं एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग जहां कमला के साहस और जज्बे की तारीफ कर रहे हैं, वहीं नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार को जल्द ही इलाके में आवागमन की व्यवस्था सुधारनी चाहिए, क्योंकि जान जोखिम में डालकर ड्यूटी पर जाना किसी भी कर्मचारी के लिए खतरनाक है।



