➤ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में नवाया शीश
➤ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लागू हुई डिजिटल सेवाएं और सुगम दर्शन प्रणाली
हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को परिवार सहित विश्वविख्यात माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य व शांति की कामना की। इस अवसर पर उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री और बहन भी मौजूद रहीं। उन्होंने माता से प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने और अपने कर्तव्यों को निष्ठा से निभाने की शक्ति प्रदान करने का आशीर्वाद मांगा।

मंदिर परिसर में हुए धार्मिक अनुष्ठानों के बाद उपायुक्त जतिन लाल और मंदिर कमेटी ने उप मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि 250 करोड़ रुपये से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर का भव्य भवन निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम दर्शन प्रणाली लागू की गई है, जिससे भीड़ प्रबंधन आसान हुआ है और वृद्धजनों व दिव्यांगजनों को विशेष सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही ऑनलाइन लंगर बुकिंग और ऑनलाइन दर्शन जैसी डिजिटल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्रसाद योजना के तहत माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 56.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आध्यात्मिक विरासत मजबूत होगी। परंपरागत पूजा-पद्धति की शुद्धता बनाए रखने के लिए मंदिर न्यास के पुजारियों को फरवरी 2025 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उनका जोर इस बात पर रहा कि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, पारंपरिक पूजा में गुणवत्ता लाई जाए और मंदिरों का व्यवस्थित व डिजिटल विकास किया जाए।



