➤ स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित
➤ दीपक ठाकुर ने युवाओं से खेल अपनाने और नशा त्यागने की अपील की
➤ खेल और संस्कृति को समाज सशक्त बनाने की नींव बताया गया
शिमला, 23 अगस्त। समाज को एक नई दिशा देने और युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी वर्ष 2025 के लिए गठित कर दी गई है। इस मौके पर संगठन के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी में पबनेश कुमार को अध्यक्ष, सुरेंद्र को उपाध्यक्ष, अरविंद शर्मा को सचिव, दीपक ठाकुर को महासचिव तथा अभिषेक शर्मा को कैशियर चुना गया है। इसके अलावा अशोक शर्मा, संजय कुमार, प्रिंस शर्मा, उत्तम सिंह, अंकित सूद और युगल किशोर को सदस्य बनाया गया है, जबकि रवि कुमार को स्टोर कीपर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महासचिव दीपक ठाकुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की सबसे बड़ी चुनौती नशे की लत है, जिसे खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए हराया जा सकता है। उन्होंने अपील की कि युवा नशे को त्यागें और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल और संस्कृति ही एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की मजबूत नींव साबित हो सकते हैं।
वहीं अध्यक्ष पबनेश कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सिर्फ खेलों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा दिखाना भी है। उन्होंने सभी साथियों से आग्रह किया कि वे खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को नई ऊर्जा प्रदान करने में अपना सहयोग दें।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने भी संगठन की भावना को आगे बढ़ाने और सामूहिक प्रयासों से बेहतर समाज बनाने का संकल्प दोहराया।



