Follow Us:

कंगना रनोट के दावे पर विक्रमादित्य सिंह का तंज, कहा- “मोहतरमा पहले जानकारी ले लें”


कंगना रनोट के दावे पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कसा तंज
DC मंडी ने गाड़ियों और लोगों के फंसने की आशंका को किया खारिज
2200 करोड़ राहत फंड के दावे पर भी मचा बवाल, BJP ने पोस्ट हटाया


हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनके ताजा दावे पर करारा तंज कसा है।

दरअसल, बुधवार रात को चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंडी के बनाला में पहाड़ दरक गया और सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई अपुष्ट खबरें आईं कि कुछ गाड़ियां और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। इसी बीच गुरुवार सुबह 9 बजकर 57 मिनट पर कंगना रनोट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालते हुए लिखा कि कई लोग और वाहन मलबे में दबे होने की आशंका है। कंगना ने प्रशासन से संपर्क में रहने और घायलों की सलामती की कामना करने की बात भी कही।

लेकिन, कुछ ही देर बाद DC मंडी अपूर्व देवगन ने बयान जारी कर साफ किया कि लैंडस्लाइड में किसी भी गाड़ी या व्यक्ति के चपेट में आने का कोई सबूत नहीं है। मलबा हटाने का काम जारी है और स्थिति नियंत्रण में है।

इसके बाद आज मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनोट को घेरते हुए कहा कि सांसद का पद बेहद जिम्मेदारी का होता है और बिना पूरी जानकारी के बयान देना जनता में दहशत फैलाने वाला कदम है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- “मोहतरमा से निवेदन है, बयान देने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। यह समय राजनीति का नहीं है।”

कंगना का यह पोस्ट प्रदेश में चर्चाओं का कारण बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग उनके इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

यही नहीं, कंगना रनोट दो दिन पहले दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान 2200 करोड़ के रिलीफ फंड का दावा भी कर चुकी हैं। हालांकि, हिमाचल सरकार के अधिकारियों ने इस दावे को खारिज किया। इतना ही नहीं, हिमाचल बीजेपी ने भी इस दावे को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया था लेकिन बाद में पोस्ट हटा लिया।

कंगना रनोट का यह विवादित बयान एक बार फिर उन्हें राजनीतिक बहस के केंद्र में ले आया है।