➤ ऊना में ढाबा संचालक पर हथियार तानने से मचा हड़कंप
➤ दो आरोपी स्थानीय लोगों और पुलिस के हत्थे चढ़े, बाकी फरार
➤ इलाके में लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए
जिला ऊना मुख्यालय पर एक ढाबा संचालक की कंम्पटी पर हथियार तानने की घटना सामने आई। जैसे ही यह खबर फैली, चौक पर अफरातफरी और हंगामा मच गया। बताया जा रहा है कि इस वारदात में छह युवक शामिल थे। इनमें से चार आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि दो युवकों को स्थानीय लोगों और पुलिस ने लालबत्ती चौक पर काबू कर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी गई है। इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। लोगों ने कहा कि दिनदहाड़े हथियार तानने जैसी वारदातें पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
ढाबा संचालक ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी ऊना जिले में गगी नामक युवक की हत्या हथियारबंद हमलावरों ने की थी। वह एक सेलून में शेव करवा रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी थी। उस मामले में इस्तेमाल हुए हथियार तो झाड़ियों में बरामद हुए थे, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लगातार हो रही इन वारदातों ने आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा की लहर पैदा कर दी है।



