Follow Us:

हिमाचल विधानसभा में गूंजा एक्सटेंशन और री-इम्प्लायमेंट का मुद्दा


➤ विधानसभा में अधिकारियों को एक्सटेंशन और री-इम्प्लायमेंट देने का मुद्दा उठा
BJP विधायकों ने सरकार पर जानकारी छिपाने और प्राथमिकताएं गलत होने का आरोप लगाया
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा जानकारी जुटाई जा रही, HRTC पेंशन आज जारी


हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को अधिकारियों-कर्मचारियों को एक्सटेंशन और री-इम्प्लायमेंट देने का मामला जोरदार तरीके से उठा। प्रश्नकाल में BJP विधायकों सतपाल सिंह सत्ती, विक्रम ठाकुर और अन्य सदस्यों ने सरकार से इस पर सवाल पूछे और आरोप लगाया कि सरकार बार-बार जानकारी छिपा रही है

सत्ती ने कहा कि सरकार इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों को पुनर्नियुक्ति क्यों दे रही है, जबकि दूसरी ओर HRTC कर्मचारियों और पेंशनरों को वेतन और पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों को हर महीने बकाया भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी जिंदगी मुश्किल हो रही है।

इसके जवाब में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जानकारी बहुत अधिक है और उसे जुटाने में समय लगेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सदन के सामने सभी विवरण रखे जाएंगे। वहीं, HRTC की पेंशन और वेतन के मुद्दे पर उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ देरी हुई है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार भुगतान व्यवस्था को दुरुस्त करने और समय पर पेंशन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है

अग्निहोत्री ने बताया कि पेंशन का मामला वित्त विभाग के समक्ष उठाया गया है और जल्द समाधान की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने सदन को यह भी बताया कि सभी HRTC कर्मचारियों की पेंशन 29 अगस्त को जारी कर दी गई है

इस दौरान सदन में एक और मुद्दा गर्माया जब नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के बीच पूर्व सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने को लेकर नोकझोंक हो गई। विपक्ष ने आरोप लगाया कि तीन साल में सरकार ने केवल संस्थान बंद करने का काम किया है

गौर करने वाली बात यह रही कि आज सदन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह मौजूद नहीं थे। वहीं, स्पीकर का चंबा-भरमौर जाने का कार्यक्रम था लेकिन वह भी नहीं गए।

इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया कि वेतन-पेंशन और पुनर्नियुक्ति का मुद्दा आगामी दिनों में और भी गरमा सकता है और विपक्ष इसे लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।