Follow Us:

आपदा में लाहौल स्पीति बिना SP, CM सुक्खू नाराज, IPS शिवानी मैहला से जवाब तलब

➤ SP शिवानी मैहला की एक्सप्लेनेशन कॉल होगी
➤ CM सुक्खू ने मुख्य सचिव को दिए निर्देश
➤ आपदा में लाहौल स्पीति बिना SP और SDM के


हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में इन दिनों आपदा का संकट गहराया हुआ है और प्रशासनिक स्तर पर भी खामियां सामने आ रही हैं। IPS शिवानी मैहला, जिन्हें 13 अगस्त को लाहौल स्पीति का SP नियुक्त किया गया था, ने अब तक जॉइन नहीं किया है। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सख्ती दिखाते हुए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को निर्देश दिए हैं कि अधिकारी से तुरंत एक्सप्लेनेशन कॉल की जाए।

स्थिति इसलिए और गंभीर है क्योंकि जिले की SDM आकांक्षा शर्मा मातृत्व अवकाश पर हैं और उनकी जगह भी अब तक नए SDM की नियुक्ति नहीं हुई। ऐसे में जब 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश से लाहौल स्पीति में बड़ा नुकसान हुआ, तब प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की कमी साफ नजर आई।

CM सुक्खू ने शुक्रवार को सभी DCs के साथ वर्चुअल मीटिंग कर आपदा प्रबंधन की समीक्षा की। इसी दौरान उन्होंने लाहौल स्पीति में SP की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे समय में जिले को मजबूत नेतृत्व की सख्त जरूरत है। अब SP शिवानी मैहला को अपनी जॉइनिंग में देरी की वजह सरकार को बतानी होगी।

गौरतलब है कि लाहौल स्पीति की पूर्व SP इल्मा अफरोज स्टडी लीव पर चली गई थीं। तब तक का अतिरिक्त कार्यभार DSP केलांग एवं HPS अधिकारी रश्मि शर्मा को सौंपा गया था। लेकिन 14 अगस्त को सरकार ने आदेश जारी कर शिवानी मैहला को लाहौल स्पीति का पुलिस अधीक्षक नियुक्त कर दिया।

ऐसे में अब यह मामला न केवल प्रशासनिक स्तर पर बल्कि राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है। सरकार चाहती है कि आपदा प्रभावित जिलों में अधिकारी तुरंत जॉइन करें ताकि राहत-बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।