Follow Us:

शिमला में राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का आगाज

राष्ट्रीय खेल दिवस पर शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट की शुरुआत
खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने किया शुभारंभ, परिसर के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख की घोषणा
➤ खेलों से युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर आकर्षित करने पर दिया जोर



राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयुष एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा भी मौजूद रहे।

खेल परिसर में आयोजित स्पोर्ट्स मीट में बैडमिंटन, बॉक्सिंग और अन्य प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, वहीं शनिवार को मैराथन और साइकलिंग का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की तरफ आकर्षित करना और नशे से दूर रखने का संदेश देना है।

इस मौके पर खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को भारतीय खेल इतिहास का प्रेरणास्रोत बताया।

खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने खेल परिसर का निरीक्षण भी किया और इसके जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही है। प्रदेश में तीन इनडोर स्टेडियम की घोषणा की गई है, जिनमें से दो का कार्य शुरू हो चुका है और इस वर्ष भी दो और स्टेडियम की घोषणा की गई है।

गोमा ने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक में गोल्ड और सिल्वर तक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।