➤ हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 10 जिलों में स्कूल बंद
➤ भूस्खलन से सड़कें बाधित, 3,139 मणिमहेश यात्रियों का रेस्क्यू
➤ 839 सड़कें बंद, सीएम सुक्खू ने रद्द किया कुल्लू दौरा
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया है और हालात गंभीर होने पर सात जिलों—शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और कुल्लू (बंजार, कुल्लू व मनाली सब डिवीजन) में सभी शिक्षण संस्थानों को 1 अगस्त को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं चंबा में राधाष्टमी न्हौण के चलते जिलास्तरीय अवकाश है।

वहीं बारिश और भूस्खलन से कई जगहों पर सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। सबसे बड़ी राहत की खबर यह रही कि चंबा-भरमौर मार्ग पर फंसे सभी मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। NDRF ने दो दिन में 3,139 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।

उधर, रविवार को आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे-305 भारी भूस्खलन के चलते बंद हो गया, जिससे आनी क्षेत्र का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क टूट गया। हालात बिगड़ने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी अपना कुल्लू दौरा रद्द करना पड़ा।
Red alert in Himachal, schools closed in 7 districts amid heavy rains
आपदा प्रबंधन को देखते हुए DC चंबा ने सभी विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और उन्हें राहत व बचाव कार्यों में जुटने के आदेश दिए गए हैं। इसमें PWD, बिजली बोर्ड, जल शक्ति, स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर निगम और राजस्व विभाग शामिल हैं।
मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए चेतावनी दी है, जिनमें शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, कांगड़ा, मंडी, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, किन्नौर, लाहुल-स्पीति और कुल्लू शामिल हैं। अगले 16 से 18 घंटों में इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मंडी जिले से भीषण तस्वीरें सामने आई हैं जहां टीचर और ग्रामीण नाले और पुल को पार करने के लिए एक-दूसरे का सहारा ले रहे हैं। वहीं, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर एक एम्बुलेंस 30 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गई, गनीमत रही कि चालक की जान बच गई। शिमला के विकासनगर में भी लैंडस्लाइड हुआ, जिसमें दो गाड़ियां मलबे में दब गईं।
प्रदेशभर में अब तक 3 नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें बंद हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा असर सेब की ढुलाई पर पड़ा है, जिससे बागवानों को भारी नुकसान हो रहा है।



