➤ कुल्लू आनी बस स्टैंड में दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा
➤ सोलन में महिला की मौत, बरोटीवाला और अर्की में मकान ढहे
➤ 1277 सड़कें बंद, 3207 ट्रांसफॉर्मर ठप, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज सुबह करीब पौने 10 बजे कुल्लू जिला के आनी बस स्टैंड में दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हालांकि यह बिल्डिंग साल 2023 में ही खाली करवा दी गई थी, लेकिन इसके गिरने से साथ लगते मकान पर भी खतरा मंडरा रहा है।
सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में मकान की दीवार गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां घर में सो रही महिला हेमलता निवासी बस्तला गांव की मौत हो गई। हेमलता अपने पीछे 3 बेटियां, एक बेटा और पति को छोड़ गई हैं। वहीं, अर्की में भी भारी बारिश से एक मकान जमींदोज हो गया।
मंडी जिला में सोमवार देर रात गुरुद्वारा के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से 3 मकानों को नुकसान पहुंचा। पत्थरों की आवाज सुनकर कॉलोनी के 200 से ज्यादा लोग घबराकर घरों से बाहर निकल गए और पूरी रात रिश्तेदारों के घरों व मंदिरों में गुजारनी पड़ी। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश ने 1277 सड़कें बंद कर दी हैं। 3207 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 790 पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं। हालत यह है कि चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी आवाजाही के लिए बंद पड़ा है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
इधर, किन्नौर जिला की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं नाथपा में देर रात करीब डेढ़ बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने से पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (HPU) शिमला, सेंटर यूनिवर्सिटी धर्मशाला समेत शिमला, सोलन, चंबा, ऊना, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, किन्नौर और कुल्लू जिलों के सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। DC कार्यालयों ने शिक्षकों को ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश जारी किए हैं ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।



