Follow Us:

शिमला में चलती बस पर गिरी चट्टानें, 2 की मौत, 15 घायल

➤ रामपुर में चलती बस पर गिरी चट्टानें, 2 की मौत
➤ 15 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
➤ शिमला पुलिस ने NH-05 पर यात्रा टालने की एडवाइजरी जारी की


शिमला जिला के रामपुर में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी प्राइवेट बस पर अचानक पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब HP-63A-1891 नंबर की विशाल ट्रैवल्स बस रामपुर से शिमला की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे बिथल के पास काली मिट्टी इलाके में अचानक पहाड़ से भारी चट्टानें गिरीं और सीधे बस पर आ गिरीं।

चट्टानों की टक्कर से बस की एक साइड टूट गई और अंदर बैठी सवारियां बुरी तरह दब गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, ड्राइवर ने अपनी सूझबूझ से बस को आगे बढ़ाकर कुछ दूरी पर रोक दिया, जिससे और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस-एम्बुलेंस को सूचना दी।

रेस्क्यू टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालकर रामपुर खनेरी अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान लक्ष्मी विरानी पुत्री रामचरण निवासी जलगांव और एक नेपाली मूल निवासी के रूप में हुई है। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा कि रामपुर से कुमारसैन के बीच NH-05 मार्ग पर कई जगहों पर पत्थर और चट्टानें गिरने की घटनाएं हो रही हैं, ऐसे में यात्रा टालना ही सुरक्षित रहेगा।

वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।