➤ आर.एस. बाली टांडा मेडिकल कॉलेज के जेनेसिस 2025 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बने
➤ पैरामेडिकल कर्मचारियों को बताया स्वास्थ्य संस्थानों की रीढ़
➤ टांडा मेडिकल कॉलेज में ओपन हार्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट और जल्द शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी
कांगड़ा (टांडा)। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली शनिवार को मेडिकल कॉलेज टांडा में आयोजित जेनेसिस 2025 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने पैरामेडिकल कर्मचारियों को स्वास्थ्य संस्थानों की रीढ़ करार देते हुए कहा कि चिकित्सकों के साथ-साथ इनका योगदान मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में टांडा मेडिकल कॉलेज में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। यहां पहली बार ओपन हार्ट सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए हैं। इससे मरीजों को अब बाहर के राज्यों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ता। बाली ने यह भी बताया कि जल्द ही टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू होने जा रही है।
अपने संबोधन में बाली ने मेडिकल कॉलेज टांडा को दिवंगत विकास पुरुष जीएस बाली की दूरदृष्टि का परिणाम बताया। उन्होंने हाल ही में उद्घाटित जीएस बाली मदर-चाइल्ड अस्पताल का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रसूति महिलाओं और बच्चों को और बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
मुख्य अतिथि ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने पैरामेडिकल स्टाफ के प्रयासों की प्रशंसा की और जेनेसिस 2025 कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बधाई दी।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मिलाप ने संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रशिक्षु पैरामेडिकल स्टाफ ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सबका मन मोह लिया। स्टूडेंट यूनियन प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें मुख्य अतिथि के समक्ष रखीं और स्पोर्ट्स इवेंट की झलकियां साझा कीं।
आर.एस. बाली ने मौके पर एमएससी की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की और 1 लाख रुपये कार्यक्रम के लिए देने का ऐलान किया। साथ ही पैरामेडिकल प्रशिक्षु हॉस्टल का निर्माण जल्द करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विजेताओं और प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, पैरामेडिकल एसोसिएशन के सदस्य, प्रशिक्षु व गणमान्य लोग मौजूद रहे।



