➤ मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने खैरी में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की
➤ जंगलबैरी में नुकसान का जायजा लेने के बाद सुजानपुर क्षेत्र का दौरा किया
➤ समस्याएं सुनकर मौके पर ही अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
हमीरपुर, 7 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के खैरी गांव का दौरा किया और वहां आपदा प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनका दुख-दर्द साझा किया। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल समाधान के लिए निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ हर समय खड़ी है और किसी भी परिवार को संकट की इस घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ सुजानपुर विधायक कैप्टन रणजीत राणा, सुरेश कुमार और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री इससे पहले रविवार सुबह जंगलबैरी भी पहुंचे, जहां उन्होंने आपदा से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। सुक्खू ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए सरकार ने विशेष राहत पैकेज तैयार किया है और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों तक सहायता तुरंत और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।



