➤ 13 दिन बाद अटल टनल रोहतांग होकर मनाली-केलांग-लेह हाईवे छोटे वाहनों के लिए बहाल
➤ किसानों को राहत, नगदी फसलें अब आसानी से पहुँचेंगी मंडियों तक
➤ बीआरओ जल्द ही बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग खोलेगा, कोकसर-काजा सड़क अब भी बंद
लगातार बारिश और भूस्खलन से जूझ रहे लाहौल-स्पीति के लोगों और किसानों के लिए आखिरकार बड़ी राहत की खबर आई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने कठिन हालात और लगातार मेहनत के बाद रविवार को अटल टनल रोहतांग होकर मनाली-केलांग-लेह हाईवे को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है। इस हाईवे के बहाल होने से किसानों की नगदी फसलें अब मंडियों तक आसानी से पहुंच पाएंगी।
याद रहे कि 25 अगस्त को अटल टनल के रास्ते ट्रैफिक बंद कर दिया गया था। इस कारण लोगों को अतिरिक्त 45 किलोमीटर का सफर तय करके रोहतांग दर्रे से होकर मनाली पहुंचना पड़ रहा था। इस बंदिश ने जहां आम जनता को दिक्कतें दीं, वहीं किसानों और कारोबारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। अब अटल टनल खुलने से सबसे ज्यादा राहत सब्जी और नगदी फसलों के कारोबारियों को मिली है।
शनिवार को बीआरओ दीपक प्रोजेक्ट के मुख्य अभियंता राजीव कुमार ने लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा को भरोसा दिलाया था कि 24 घंटे के भीतर अटल टनल होकर ट्रैफिक बहाल कर दिया जाएगा। रविवार को यह वादा पूरा हुआ। विधायक अनुराधा राणा ने संगठन की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि बीआरओ ने कठिन परिस्थितियों में भी जनता की उम्मीदों को जिंदा रखा और किसानों को बड़ी राहत दी।
मुख्य अभियंता राजीव कुमार ने जानकारी दी कि बीआरओ जल्द ही पांगी-मनाली सड़क और मनाली-लेह हाईवे को बड़े वाहनों के लिए भी खोल देगा। उन्होंने बताया कि सैकड़ों कामगार, अधिकारी और जवान दिन-रात मशीनों के साथ तैनात हैं ताकि जल्द से जल्द सभी मार्ग बहाल किए जा सकें। हालांकि, कोकसर-काजा सड़क अभी भी भूस्खलन के कारण बंद है और उसे खोलने का काम जारी है।



