Follow Us:

शिमला में बड़ा बैंक फ्रॉड: वरिष्ठ अधिकारी ने ही करोड़ों किए गोल

शिमला में बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप
संस्था के खाते से 3.70 करोड़ रुपये महिला के खाते में ट्रांसफर
आरोपी ने कबूला जुर्म, पुलिस ने खाते फ्रीज कर दर्ज की एफआईआर

पराक्रम चंद, शिमला


 राजधानी शिमला में बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी पर आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग कर एक संस्था के खाते से 3.70 करोड़ रुपये अवैध रूप से अन्य खातों में स्थानांतरित कर दिए और फिर इस रकम को अलग-अलग खातों और नकद निकासी के जरिए बाहर निकाल लिया।

शिकायत बैंक ऑफ बड़ौदा के डिप्टी रीजनल मैनेजर की ओर से दर्ज कराई गई है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, आरोपी सीनियर मैनेजर ने 22 और 27 अगस्त को संस्था के खाते से बिना अनुमति लाखों रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर किए। बाद में रकम को अन्य खातों में घुमाकर और नकद निकासी के माध्यम से हड़प लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाए और वर्तमान में लगभग 90.95 लाख रुपये जो महिला के खाते में शेष बचे थे, उन्हें पुलिस ने फ्रीज कर दिया है

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने 7 सितम्बर को लिखित रूप में अपना जुर्म कबूल किया। उसने माना कि उसने अज्ञात व्यक्तियों की मिलीभगत से निजी लाभ के लिए यह हेराफेरी की। फिलहाल मामला छोटा शिमला थाने में दर्ज किया गया है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना न केवल बैंकिंग सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है बल्कि आम जनता के विश्वास को भी हिला देती है। पुलिस और बैंक अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इसमें और कौन-कौन शामिल था तथा इतनी बड़ी रकम को बाहर निकालने की पूरी साजिश कैसे रची गई।