Follow Us:

शिमला में बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्‍त, दो युवकों की मौत

नेरवा में बोलेरो कैंपर हादसा, दो युवकों की मौत
गाड़ी 300 फुट गहरी खाई में गिरी
चौपाल-नेरवा क्षेत्र में छाया मातम


हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के नेरवा क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देर रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर एक बोलेरो कैंपर अचानक बेकाबू होकर दियांडली के पास करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 28 वर्षीय प्रज्वल तंगडाईक उर्फ गोलू और 26 वर्षीय जोंटी बणाईक, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक चंदलोक क्षेत्र के निवासी थे और नेरवा बाजार से अपने घर लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर नेरवा अस्पताल भेजा गया। जहां आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ने को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है।

इस दुखद दुर्घटना से पूरे नेरवा और चौपाल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी गहरी सदमे में हैं और क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।