Follow Us:

BJP में वर्चस्व की जंग तेज, नरेश चौहान ने कसा तंज

हिमाचल आपदा पर राजनीति को कांग्रेस ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
नरेश चौहान ने केंद्र की मदद और पीएम दौरे पर विपक्ष से सवाल पूछे
कंगना रनौत और हर्ष महाजन पर भी कसा तंज, BJP में वर्चस्व की जंग का जिक्र


शिमला। हिमाचल प्रदेश में आई भीषण आपदा के बीच राजनीति तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष इस आपदा को राजनीतिक नजरिये से देख रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस बार मॉनसून के दौरान राज्य में 45 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। अब तक 419 लोगों की मौत, 1500 से ज्यादा घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त और करीब 6500 घरों में दरारें आ चुकी हैं।

चौहान ने कहा कि इतनी बड़ी आपदा के बावजूद विपक्ष का सरकार पर हमला राजनीति की ओछी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह समय एकजुट होकर जनता के साथ खड़े होने का है, न कि वर्चस्व की लड़ाई लड़ने का।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल देश का अंग है और केंद्र सरकार का कर्तव्य है कि वह हरसंभव मदद करे। चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि यह मदद आखिर किन मदों में दी गई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने कम समय में बिजली, पानी और सड़क सेवाएं बहाल कर दी हैं, लेकिन हिमाचल को फिर से खड़ा करना बड़ी चुनौती है, जिसके लिए और अधिक संसाधन चाहिए।

चौहान ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कंगना अपने संसदीय क्षेत्र मंडी की जनता के साथ खड़ी नहीं रहीं, जिससे लोग उनसे निराश हो चुके हैं। कंगना द्वारा नेतृत्व को लेकर दिए बयान को चौहान ने बीजेपी के भीतर वर्चस्व की जंग का प्रमाण बताया और कहा कि पार्टी अब कई धड़ों में बंट चुकी है।

इसी तरह बीजेपी सांसद हर्ष महाजन द्वारा कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी पर लगाए गए आरोपों को लेकर चौहान ने कहा कि विधायक खुद जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने हर्ष महाजन को बीजेपी की सबसे बड़ी सरदर्दी बताया और कहा कि उन्होंने पार्टी के भीतर ही एक बड़ा धड़ा खड़ा कर लिया है।