➤ मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड, विज्ञान भवन में हुआ सम्मान
➤ शाहरुख खान, विक्रांत मैसी को बेस्ट एक्टर, रानी मुखर्जी बनीं बेस्ट एक्ट्रेस
➤ कटहल को बेस्ट हिंदी फिल्म, वैभवी मर्चेंट को बेस्ट कोरियोग्राफी अवॉर्ड
(नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भव्य आयोजन के साथ हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड देकर गौरवान्वित किया। इस मौके पर उनकी जीवन यात्रा पर एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई, जिसके बाद पूरे सभागार में स्टैंडिंग ओवेशन गूंज उठा।
अवार्ड्स की इस शाम में शाहरुख खान को फिल्म जवान और विक्रांत मैसी को 12th फेल के लिए बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि यह तीनों कलाकारों—शाहरुख, रानी और विक्रांत—का पहला नेशनल अवॉर्ड है, जिससे समारोह का उत्साह और भी बढ़ गया।
रानी मुखर्जी ने फिल्म मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड हासिल किया। वहीं, संगीत की दुनिया में अपनी आवाज़ से जादू बिखेरने वाली शिल्पा राव को फिल्म जवान के गाने चलेया के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का खिताब मिला।
कटहल को बेस्ट हिंदी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला, जिसे यशोवर्धन सिंह ने रिसीव किया। डांस के क्षेत्र में वैभवी मर्चेंट को फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड दिया गया।
इसके अलावा, मलयाली एक्ट्रेस उर्वशी को फिल्म ओल्लूझक्कू के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। फिल्ममेकर करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट का अवॉर्ड भी मिला।
इस तरह भारतीय सिनेमा के सितारे विज्ञान भवन की शाम को रोशन कर गए और नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2025 ने एक बार फिर यादगार पल रच दिए।



