➤ पुराना कांगड़ा में 76वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव आयोजित
➤ मुख्य अतिथि अजय वर्मा ने किया पौधारोपण और लोगों से जुड़ने की अपील
➤ राजीव गांधी वन संवर्धन योजना पर्यावरण व आर्थिकी दोनों को करेगी मजबूत
कांगड़ा के ऐतिहासिक स्थल पुराना कांगड़ा में सोमवार को 76वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर रेंज अधिकारी सौरव, वन उप परीक्षा क्षेत्र अधिकारी विट्ठल, ब्लॉक अधिकारी, वन मित्रों और अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

वन महोत्सव के दौरान मुख्य अतिथि ने वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और जनता से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ लगाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है क्योंकि ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती धरती को प्रभावित कर रही है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में मानव अस्तित्व पर संकट आ सकता है।

उन्होंने कहा कि पुराना कांगड़ा का अपना ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है और यहां के लोग जयंती माता के आशीर्वाद से हमेशा समृद्ध रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत एक से पांच हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण करने के लिए ₹1.2 लाख की राशि युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और संस्थाओं को प्रदान की जा रही है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी भी सशक्त होगी।

अजय वर्मा ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री इस समय हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रहे हैं और वन संवर्धन की यह योजना उनका दूरदर्शी कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण देने में योगदान दें।



