Follow Us:

हिमाचल के जांबाज वरुण ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर लहराया तिरंगा

मंडी के वरुण बरारी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर लहराया झंडा
नौ सदस्यीय टीम का नेतृत्व करते हुए 5,643 मीटर ऊंचाई फतेह की
अब ब्लैकपीक अभियान की तैयारी, युवाओं को एडवेंचर के लिए कर रहे प्रेरित


मंडी जिला के रहने वाले वरुण बरारी ने एक बार फिर साहस और जुनून का परचम लहराया है। नगर निगम मंडी के वार्ड-एक खलियार निवासी वरुण ने अपनी नौ सदस्यीय टीम का नेतृत्व करते हुए यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रस (5,643 मीटर) को फतह कर लिया। यह सफलता पर्वतारोहण की दुनिया में बेहद चुनौतीपूर्ण और गौरवपूर्ण मानी जाती है।

रूस में आयोजित यह अभियान आठ दिन तक चला, जिसमें वरुण और उनकी टीम को कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओं और बेहद कठिन रास्तों का सामना करना पड़ा। लेकिन हिम्मत और संकल्प के साथ उन्होंने शिखर तक पहुंचकर सफलता हासिल की। माउंट एल्ब्रस पर चढ़ाई किसी भी पर्वतारोही के लिए सपनों जैसी उपलब्धि होती है, और वरुण ने इसे अपने नाम कर मंडी और हिमाचल का नाम रोशन किया।

इससे पहले भी वरुण लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल की कई ऊंची चोटियों को सफलतापूर्वक फतह कर चुके हैं। उनकी इस जज्बे ने क्षेत्र के युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक खेलों की ओर प्रेरित किया है।

अब वरुण अक्तूबर में उत्तराखंड के ब्लैकपीक अभियान में हिस्सा लेंगे, जिसमें वह चेक गणराज्य की टीम का नेतृत्व करेंगे। इस अभियान के लिए भी उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है और क्षेत्र के लोग उनके अगले कारनामे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

वरुण ने हिमाचल प्रदेश से ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। वर्तमान में वह शिखर ट्रैवल्स, एक एडवेंचर-आधारित कंपनी में बतौर सेल्स प्रोफेशनल कार्यरत हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य युवाओं को एडवेंचर गतिविधियों और पर्वतारोहण की ओर प्रोत्साहित करना है। वरुण का मानना है कि – “दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।”