Follow Us:

हिमाचल को दो नए केंद्रीय विद्यालयों की सौगात, मोदी सरकार का आभार

➤ जयराम ठाकुर ने कहा – हिमाचल में एम्स खुलना किसी सपने के सच होने जैसा
➤ पूर्व मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी और जेपी नड्डा को दिया श्रेय, याद किए निर्माण काल के पल
➤ राज्य कर अंश और दो नए केंद्रीय विद्यालयों पर केंद्र सरकार का जताया आभार



बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के लिए आज का दिन गौरवपूर्ण रहा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स बिलासपुर) के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य में विश्व स्तरीय चिकित्सा संस्थान का खुलना किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि आज एम्स न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश के चिकित्सा संस्थानों में अग्रणी है और नई तकनीक, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बन चुका है।

जयराम ठाकुर ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि इस परियोजना के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की दूरदर्शिता रही है। उन्होंने बताया कि जब भी वे दिल्ली जाते थे, उनकी नड्डा से एम्स निर्माण से जुड़ी चर्चाएं होती थीं और हर बार नई प्रगति पर बातचीत होती थी। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा इस परियोजना को लेकर बेहद गंभीर रहते थे और इसी कारण एम्स आज हिमाचलवासियों की जीवन रेखा बन गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने याद किया कि उनके कार्यकाल में एम्स के लिए जमीन अधिग्रहण से लेकर पेयजल आपूर्ति की 100 करोड़ की योजना और अन्य सभी सुविधाओं का प्रावधान किया गया, ताकि भविष्य में मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि एम्स आज जिन कठिन चुनौतियों के बावजूद खड़ा है, उसके पीछे नड्डा का विशेष लगाव और केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग है।

जयराम ठाकुर ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया जिन्होंने हिमाचल को 843 करोड़ रुपए राज्य कर अंश का अग्रिम भुगतान दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर संकट में हिमाचल के साथ खड़ी रहती है, लेकिन राज्य सरकार का रवैया सिर्फ केंद्र को दोष देने वाला है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है, जिनमें से दो विद्यालय हिमाचल प्रदेश के कोटखाई और पांवटा साहिब में खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है और इससे यहां के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने एम्स के सभी डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में और भी बड़े स्वास्थ्य आयाम स्थापित करेगा।