Follow Us:

बीड़-बिलिंग से उड़ान के बाद लापता हुई विदेशी पैराग्लाइडर, सर्च ऑपरेशन तेज

कनाडा की महिला पैराग्लाइडर बीड़-बिलिंग से उड़ान के बाद लापता
त्रिउंड या ऊपरी धर्मशाला क्षेत्र में फंसे होने की आशंका
हेलिकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन शुरू, प्रशासन सतर्क मोड पर



हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बीड़-बिलिंग घाटी में कनाडा की महिला पैराग्लाइडर मेगन एलिजाबेथ रॉबर्ट्स के लापता होने से सनसनी फैल गई है। उन्होंने शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी, लेकिन निर्धारित समय पर लैंडिंग न करने पर हड़कंप मच गया। आशंका है कि वह धौलाधार पर्वत श्रृंखला के ऊपरी धर्मशाला या त्रिउंड क्षेत्र में फंसी हुई हैं

जिला प्रशासन ने तुरंत खोज और बचाव अभियान (Search and Rescue Operation) शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारी शिल्पी बेक्टा ने बीड़ पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन (BPA) को निजी हेलिकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन चलाने की विशेष अनुमति दी है।

प्रशासन ने गग्गल एयरपोर्ट के निदेशक को निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर सर्च में लगे हेलिकॉप्टर को ईंधन भरने की सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए। बताया जा रहा है कि पूरा ऑपरेशन का खर्च बीपीए द्वारा वहन किया जाएगा

रविवार सुबह से निजी हेलिकॉप्टर के माध्यम से हवाई सर्च अभियान शुरू करने की योजना बनाई गई है। वहीं स्थानीय प्रशासन, पर्वतीय बचाव दल, पुलिस कर्मी और बीपीए सदस्य भी जमीनी स्तर पर तलाशी अभियान में शामिल होंगे।

बीड़-बिलिंग को एशिया का सबसे लोकप्रिय पैराग्लाइडिंग स्पॉट माना जाता है, लेकिन यहां का मौसम अचानक बदल जाता है। कई बार तेज हवाओं और घने बादलों के कारण पायलट दिशा भटक जाते हैं। प्रशासन ने सभी पायलटों और टूरिस्टों को चेतावनी दी है कि स्थानीय गाइडलाइन और मौसम संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल धौलाधार की ऊंची चोटियों में हेलिकॉप्टर और ड्रोन से सर्च जारी है, और उम्मीद जताई जा रही है कि महिला जल्द सुरक्षित मिल जाएंगी