➤ धर्मशाला से BJP विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर सीएम सुक्खू को ‘कार्टून’ कहा
➤ सुधीर की पोस्ट वायरल, सोशल मीडिया पर यूजर्स कर रहे ट्रोल
➤ यूजर्स ने मांगी FIR की कार्रवाई, विपक्षी नेताओं ने बताया असभ्य बयान
हिमाचल प्रदेश की राजनीति एक बार फिर सोशल मीडिया की सुर्खियों में है। धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सुधीर शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक ऐसा पोस्ट किया, जिसने राजनीतिक हलचल मचा दी है। सुधीर ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की एक तस्वीर और उसके साथ एक स्केच साझा करते हुए लिखा – “प्रदेश के इतिहास में पहली बार कार्टून का स्केच…”
इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और सुधीर शर्मा खुद ट्रोलिंग के शिकार हो गए। कई यूजर्स ने इस टिप्पणी को अनुचित बताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की।
कपिल शर्मा नाम के एक यूजर ने लिखा, “क्या सुधीर शर्मा को प्रदेश के मुख्यमंत्री को कार्टून कहना सही है? क्या इस तरह की सोच है? इन्हें विधायक बनाता कौन है? FIR बनती है।” इसी तरह कई अन्य यूजर्स ने निंदा करते हुए राजनीतिक मर्यादा की बात उठाई।
वहीं, अशोक नेगी नामक यूजर ने सुधीर शर्मा को ऑपरेशन लोटस का मास्टरमाइंड करार देते हुए कहा कि, “यह वही नेता हैं जो पहले कांग्रेस से विधायक बने, फिर बीजेपी में शामिल हो गए।” गौरतलब है कि सुधीर शर्मा दिसंबर 2022 में कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे, लेकिन मंत्री पद न मिलने से नाराज हो गए थे।
इसके बाद जब राज्यसभा चुनाव हुए, तो कांग्रेस के छह विधायक और तीन निर्दलीय विधायकों ने BJP प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिया। बाद में कांग्रेस के छह विधायक दलबदल कानून के तहत अयोग्य ठहराए गए। इसके बाद मई 2024 में हुए उपचुनाव में सुधीर शर्मा ने BJP टिकट पर जीत हासिल की।
विजय भट्टी नाम के एक और यूजर ने सुधीर को राजनीति की मर्यादा याद दिलाते हुए लिखा – “आप चाहे किसी दल से हों, लेकिन किसी व्यक्ति का मजाक बनाना गलत है। वह व्यक्ति पहले पिता और पति हैं, बाद में मुख्यमंत्री। ऐसे पोस्ट करने से पहले सोचें।”
अब यह मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा। राजनीतिक गलियारों में भी इस टिप्पणी पर चर्चा गर्म है। कुछ लोगों का कहना है कि यह मामला राजनीतिक व्यंग्य है, जबकि अन्य इसे शालीनता की सीमा लांघने वाला कदम बता रहे हैं।



