Follow Us:

शिक्षक पर तीसरी कक्षा के छात्र को पीटने के आरोप, कान का पर्दा फटा, अस्‍पताल में भर्ती

चंबा में शिक्षक पर बच्चे को पीटने का गंभीर आरोप
आठ साल के छात्र का कान का पर्दा फटा, ऑपरेशन करना पड़ा
शिक्षक ने कहा आरोप निराधार, साजिश बताया मामला


जिला चंबा के भरमौर उपमंडल में स्थित एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के आठ साल के छात्र के साथ मारपीट का चिंताजनक मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया और उसका ऑपरेशन करवाना पड़ा। बच्चा वर्तमान में मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचाराधीन है और परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस में भी दर्ज करवाई है। पुलिस ने छात्र के साथ हुए व्यवहार की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक बच्चों के साथ मारपीट करता है और पढ़ाने में कम रुचि दिखाता है, जिससे कई बच्चे पढ़ाई में पिछड़ गए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग से शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा बलवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और इसकी उचित जांच की जाएगी। इस संबंध में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

इधर आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि यह उसे फंसाने की साजिश है। उसने बताया कि शिकायत करने वाली माता और दादी स्कूल में कुक कम हेल्पर के पद पर कार्यरत हैं और काफी समय से स्कूल नहीं आ रही थीं। इस कारण मिड-डे मील में दिक्कत हो रही थी। उनसे दो बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अब विभाग की ओर से दूसरा नोटिस जारी कर 29 अक्तूबर तक जवाब मांगा गया है। शिक्षक ने कहा कि वह विभाग को भी इस संबंध में अवगत करवाएगा।