Follow Us:

भगवान की फोटो के पीछे, किचन के कपबोर्ड और सोफे के अंदर बॉक्स में छिपा रखा था नशे का सामान, 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

नशा तस्कर धनीराम की 6.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
अफीम और चरस के साथ सितम्बर में हुआ था गिरफ्तार
कई जिलों में सक्रिय था तस्करी नेटवर्क


जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात तस्कर धनीराम उर्फ गलू की 6.34 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। आरोपी पिछले कई वर्षों से कुनिहार, सोलन, अर्की, दाड़लाघाट, बिलासपुर और शिमला क्षेत्र में नशा कारोबार फैलाने में सक्रिय था और पुलिस उसे लगभग डेढ़ साल से पकड़ने की कोशिश कर रही थी।

पुलिस ने आरोपी को 18 सितंबर को दबिश देकर गिरफ्तार किया था। उसके घर से 1.624 किलोग्राम अफीम और 1.622 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। यह नशा क्षेत्र के युवाओं तक पहुंचाने के लिए स्टॉक कर रखा गया था।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने जानकारी दी कि सायर मेले के दौरान पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाकर आरोपी ने अपने नेटवर्क को और सक्रिय कर दिया था। सूचना के आधार पर 16 सदस्यीय पुलिस टीम ने धनीराम के घर, उसके रेस्टोरेंट और होमस्टे में दबिश दी। तलाशी के दौरान नशे का सामान किचन के कपबोर्ड, सोफे के अंदर बॉक्स में और भगवान की फोटो के पीछे छुपाकर रखा गया मिला।

जांच में सामने आया कि आरोपी किसी वैध व्यवसाय में नहीं था, लेकिन उसने नशा तस्करी से करोड़ों रुपये की जमीन, आलीशान पांच मंजिला मकान, रेस्टोरेंट, होमस्टे, टिपर, अन्य गाड़ियां, सोने के गहने और बैंक अकाउंट में बड़ी धनराशि जमा कर रखी थी।

पुलिस ने आरोपी धनीराम व उसके परिवार के नाम पर दर्ज इन सभी अवैध संपत्तियों को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ड्रग माफिया के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।