Follow Us:

पोर्टमोर की बेटियों का कमाल, राष्ट्रीय कैंप में गोल्ड और सिल्वर

पोर्टमोर स्कूल की एनसीसी कैडेट्स ने ऑल इंडिया रॉक क्लाइम्बिंग कैंप में लहराया परचम
आकृति को गोल्ड, अर्पिता व अन्य को सिल्वर मेडल
सायशा को राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट एक्ट्रेस का स्वर्ण सम्मान



शिमला के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पोर्टमोर की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश व विद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आयोजित ऑल इंडिया रॉक क्लाइम्बिंग कैंप में कैडेट्स ने अपने जज्बे व साहस से सोने और चांदी के मेडल हासिल किए।

कैंप में एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय की छात्रा आकृति ने रॉक क्लाइम्बिंग में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा रैपलिंग, रस्साकशी और नृत्य प्रतियोगिता में भी उन्होंने रजत पदक प्राप्त किया।

कैडेट अर्पिता शर्मा ने रॉक क्लाइम्बिंग और नृत्य प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया तथा देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इसी दौरान विद्यालय की छात्रा सायशा केप्रेट ने एक भारत श्रेष्ठ भारत (EBSB) कार्यक्रम के तहत मलोट (पंजाब) में आयोजित एनसीसी कैंप में भाग लिया। वहाँ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (बेस्ट एक्ट्रेस) का स्वर्ण पदक जीता और उनके नाटक को द्वितीय पुरस्कार (Silver Medal) से सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्या राखी पंडित ने सभी कैडेट्स और एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि इन बेटियों ने हिमाचल व स्कूल की शान बढ़ाई है। स्टाफ ने भी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।