➤ हिमाचल में आज मौसम साफ, मंगलवार से दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
➤ चार और पांच नवंबर को छह जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी
➤ लाहौल, किन्नौर, चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन मंगलवार से दो दिन तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चार नवंबर को कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिलों के लिए आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पांच नवंबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। इससे ठंडक में बढ़ोतरी होने की संभावना है और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
बारिश और बर्फबारी से पहले प्रदेश के कई शहरों के न्यूनतम तापमान में उछाल देखा गया है। ऊना का तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक होकर 15.5 डिग्री, बिलासपुर का तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक होकर 15.7 डिग्री, मंडी का 4.2 डिग्री अधिक होकर 14.3 डिग्री, और शिमला का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक होकर 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा हो चुका है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।
इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। केलांग में तापमान 5.4 डिग्री अधिक होकर 15.4 डिग्री, कल्पा में 3.3 डिग्री अधिक होकर 19.8 डिग्री, और शिमला में 1.5 डिग्री अधिक होकर 20.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
हालांकि, कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी कड़ाके की ठंड बनी हुई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में न्यूनतम तापमान माइनस (-1.2) और ताबो में माइनस (-0.8) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाने लगेंगे, जिससे ठंड और बढ़ेगी।



