Follow Us:

हिमाचल में नई हैचरियां और कोल्ड स्टोर बनेंगे, मछली उत्पादन को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मत्स्य विभाग को आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश दिए
राज्य में नई हैचरी और कोल्ड स्टोर स्थापित होंगे, किसानों को मिलेगा लाभ
मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय सुदृढ़ करने पर सरकार का फोकस


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यहां आयोजित मत्स्य पालन विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने जा रही है। उन्होंने विभाग को मत्स्य उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने और कोल्ड स्टोरेज नेटवर्क विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य में मत्स्य व्यवसाय से जुड़े किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नदियों और जलाशयों के किनारे नई हैचरियां और कोल्ड स्टोर स्थापित करेगी। इसके लिए विभाग को उपयुक्त भूमि की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि यह किसानों की आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम भी बन सकता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मत्स्य उपकरणों की खरीद पर सब्सिडी प्रदान कर रही है और किसानों को आधुनिक तकनीक व उन्नत बीज किस्मों के बारे में जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सीजन से राज्य के जलाशयों और बांधों में मछली बीज भंडारण को बढ़ाया जाएगा, ताकि उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि हो।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में 19,019 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन दर्ज किया गया था, जबकि इस वर्ष अक्टूबर तक 7,773 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन हो चुका है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ट्राउट मछली उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है और सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित मछली पालकों की सहायता हेतु कॉर्पस फंड स्थापित करेगी।

बैठक में राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक संजय अवस्थी, नीरज नैयर, मलेंद्र राजन, विवेक शर्मा, तथा निदेशक मत्स्य विभाग विवेक चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।