Follow Us:

मेरी अंतिम इच्छा: पालमपुर की जीत के बाद प्रभु चरणों में जाऊं

शांता कुमार ने कहा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से भारत आत्मनिर्भर बनेगा
युवाओं की सहभागिता को बताया विकसित भारत का आधार
हर घर स्वदेशी अभियान से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने का आह्वान

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि यदि देश में स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग बढ़ेगा, तो देश में उत्पादन और रोजगार दोनों में वृद्धि होगी। इससे भारत आत्मनिर्भर बनेगा और किसी दूसरे देश पर निर्भरता नहीं रहेगी। उन्होंने मंगलवार को पालमपुर में आयोजित “आत्मनिर्भर भारत – हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी युवा सम्मेलन” को संबोधित करते हुए यह बात कही।

शांता कुमार ने भावुक होकर कहा कि 91 वर्ष की उम्र में अब उनकी अंतिम इच्छा है कि पालमपुर में भाजपा की जीत सुनिश्चित हो और वे प्रभु के पास विजयी होकर जाएं। उन्होंने कहा कि “मैंने जीवन में बहुत सी विजयें देखी हैं, लेकिन अब चाहता हूं कि हिमाचल और पालमपुर दोनों जगह विजय हो।”

उन्होंने कहा कि भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक राष्ट्र है जिसने दुनिया को जीवन का संदेश दिया है। भारत आज आत्मनिर्भरता की नई परिभाषा लिख रहा है। उन्होंने युवाओं से “हर घर स्वदेशी – घर घर स्वदेशी” का मंत्र अपनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

शांता कुमार ने कहा कि जब समाज में बड़ा परिवर्तन लाना होता है तो उसकी शुरुआत युवाओं से होती है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना देश का विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में युवाओं को शिक्षा, रोजगार और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में “आत्मनिर्भर भारत और हर घर स्वदेशी अभियान” की शुरुआत की है, जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा। मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है और यह लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत से ही पूरा होगा।

शांता कुमार ने कहा कि भारत का राष्ट्रवाद सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है, जो किसी पार्टी या नेता ने नहीं बल्कि प्रभु श्रीराम ने दिया है। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और परंपरा से प्रेम ही सच्चा राष्ट्रप्रेम है।

इस अवसर पर हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, युवा मोर्चा के अध्यक्ष गोपेश शर्मा, सुभंव बंगारिया, महामंत्री चमन लाल और उपाध्यक्ष वरुण कपूर सहित सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया।