Follow Us:

धुम्रपान करने के लिए रोका तो पुलिस कर्मी पर किया हमला!

  • संजौली में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल पर हमले की घटना
  • धूम्रपान रोकने पर नशे में धुत व्यक्ति ने किया हमला
  • पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दर्ज किया मामला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली उपनगर में मंगलवार देर शाम ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला किया गया। यह घटना एचआरटीसी कार्यालय के पास हुई, जब कॉन्स्टेबल सुनील अपनी नियमित ड्यूटी निभा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल सुनील ने एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते हुए देखा और उसे धूम्रपान न करने की हिदायत दी। पहले तो आरोपी ने सिगरेट फेंक दी और संजौली चौक की ओर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह लौटकर पुलिसकर्मी पर हमला करने लगा।

हमलावर ने कॉन्स्टेबल को घूंसे मारे और घसीटते हुए दावत होटल की ओर ले गया। इस दौरान पुलिसकर्मी ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिसमें उन्हें चोटें आईं। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से भाग निकला।

घायल कॉन्स्टेबल ने तुरंत संजौली थाना को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान कोटखाई निवासी संदीप के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।

इस संबंध में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121(1) और 221 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी संजौली ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर हमला एक गंभीर अपराध है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।