Follow Us:

सोलन में शिक्षक पर छात्र को मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

  • सोलन के सरकारी स्कूल में शिक्षक पर छात्र से मारपीट का आरोप

  • चौथी कक्षा के छात्र को सिर में लगी चोट, अभिभावकों ने दी शिकायत

  • प्रशासन ने जांच शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन


हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के राजकीय प्राथमिक पाठशाला गाईघाट में एक शिक्षक पर चौथी कक्षा के छात्र से मारपीट करने का आरोप लगा है। छात्र के सिर में चोट लगी है और परिजनों ने सदर थाना सोलन में इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है।

मामला मंगलवार का बताया जा रहा है। बुधवार को अभिभावक बच्चे को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे, जहाँ उसका उपचार करवाया गया। छात्र की मां शोभा ठाकुर ने बताया कि उन्हें स्कूल से फोन आया कि उनके बेटे शिवांश को शिक्षक ने थप्पड़ मारा है, जिससे सिर से खून बहने लगा

मां के अनुसार, जब वह स्कूल पहुँचीं तो अन्य बच्चों ने बताया कि शिक्षक ने लोहे के स्केल से मारा, जिससे चोट गहरी लगी। खून बहने के बाद बच्चे को नल के पास ले जाकर खून साफ किया गया

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे को खिड़की से चोट लगी है, जबकि परिजन इसे स्पष्ट मारपीट की घटना बता रहे हैं।
शोभा ठाकुर ने कहा कि वह इससे पहले भी स्कूल प्रशासन को चेतावनी दे चुकी हैं, लेकिन घटना दोबारा हुई।

उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।