➤ कांगड़ा में 3 जनवरी से होगी इंटरनेशनल ओपन शतरंज प्रतियोगिता
➤ 500 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग, ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीकरण
➤ विजेताओं को ढाई लाख की इनामी राशि और आकर्षक पुरस्कार
हिमाचल प्रदेश में पहली बार कांगड़ा में इंटरनेशनल ओपन शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह दो दिवसीय आयोजन हिमाचल प्रदेश शतरंज संघ के बैनर तले कांगड़ा चैस क्लब द्वारा करवाया जा रहा है। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कांगड़ा में होने जा रही है।
कांगड़ा चैस क्लब के चेयरमैन अमित वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इसके लिए क्लब की ओर से एक विशेष वेबसाइट लॉन्च की गई है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश और प्रदेश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ नए खिलाड़ी भी भाग लेंगे। कुल 500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
अमित वर्मा ने बताया कि इस बार इनामी राशि को दोगुना कर दिया गया है। लगभग ढाई लाख रुपये की नकद राशि और अन्य पुरस्कार विजेताओं को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जो मानसिक एकाग्रता और स्मरण शक्ति को बढ़ाता है, इसलिए इस प्रतियोगिता में हर आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन 3 और 4 जनवरी को कांगड़ा में किया जाएगा। अमित वर्मा ने बताया कि कांगड़ा चैस क्लब का उद्देश्य खिलाड़ियों को ऐसा मंच प्रदान करना है जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में कांगड़ा चैस अकादमी स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सके।
पत्रकार वार्ता में कांगड़ा चैस क्लब के प्रधान संजय शर्मा, सचिव दीपक चुग, कैशियर सुभाष कुमार और आयुष शर्मा भी मौजूद रहे।



