Follow Us:

हिमाचल की बेटी श्रेजल गुलेरिया बनीं भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग ऑफिसर, 12वीं रैंक से रचा इतिहास

➤ मंडी जिले की श्रेजल गुलेरिया बनीं भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग ऑफिसर
➤ अखिल भारतीय स्तर पर हासिल की 12वीं रैंक
➤ सेना परिवार से मिली देशसेवा की प्रेरणा


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बेटी श्रेजल गुलेरिया ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। श्रेजल ने अखिल भारतीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल कर यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।

21 वर्षीय श्रेजल मंडी जिले की बल्ह घाटी के पैड़ी गांव की निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पंडोह से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी (गणित ऑनर्स) की पढ़ाई की। वर्तमान में वह एमएससी की पढ़ाई कर रही हैं और इसी दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना की परीक्षा की तैयारी कर सफलता प्राप्त की।

श्रेजल को देशसेवा की प्रेरणा अपने परिवार से मिली है। उनके पिता होशियार सिंह भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता बनीता कुमारी हिमाचल पथ परिवहन निगम में जेओए के पद पर सेवाएं दे रही हैं। माता-पिता ने हमेशा उन्हें आत्मनिर्भर बनने, अनुशासन अपनाने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्रेजल 27 दिसंबर को वायुसेना अकादमी के लिए रवाना हो चुकी हैं, जहां उन्हें एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वह औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल होकर देश की सेवा करेंगी।

श्रेजल की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। उनकी सफलता को विशेष रूप से युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।