- 116 वर्षीय खड़कू राम ने मतदान कर पेश की लोकतंत्र की मिसाल
- हिमाचल की 1276 पंचायतों में सुबह से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें
- शिमला के ठियोग ब्लॉक में सबसे ज्यादा 49.96 प्रतिशत मतदान दर्ज
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राज्य की 1276 पंचायतों में मतदाता भारी उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं और युवा से लेकर बुजुर्ग तक लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए।

इस बीच हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र की दशमल पंचायत के 116 वर्षीय खड़कू राम पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बन गए। खड़कू राम पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनकी तस्वीरें और जज्बा लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है।

राज्य निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सुबह 11 बजे तक अलग-अलग जिलों में अच्छी वोटिंग दर्ज की गई। शिमला जिले में 44 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि हमीरपुर में 43.63 प्रतिशत, मंडी में 42.89 प्रतिशत, कुल्लू में 43 प्रतिशत और कांगड़ा में 41.50 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।
सबसे अधिक मतदान शिमला के ठियोग ब्लॉक में देखने को मिला, जहां सुबह 11 बजे तक 49.96 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

राज्य में दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 7334 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें लगभग 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8 लाख 74 हजार 716 पुरुष और 8 लाख 55 हजार 597 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।
प्रदेशभर में प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।



