Follow Us:

अमेरिका से इलाज कराकर स्वदेश पहुंचे केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली

समाचार फर्स्ट डेस्क |

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली शनिवार को वापस स्वदेश लौट आए हैं। इस बात की जानकारी जेटली ने अपने ट्विटर पर दी है। अमेरिका से इलाज कराकर लौटे जेटली ने लिखा कि घर वापस आकर बहुत खुश हूं।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री जेटली का बीते साल दिल्ली के एम्स में किडनी का ट्रांसप्लांट हुआ था। अरुण जेटली कुछ हफ्तों पहले ही इलाज के लिए अमेरिका गए थे। इसकी वजह से वह नरेन्द्र मोदी सरकार का छठा और अंतिम बजट पेश नहीं कर पाये। उनकी अनुपस्थिति में वित्त मंत्रालय का कार्यभार पीयूष गोयल को सौंपा गया। गोयल ने ही इस बार लोकसभा में अंतरिम बजट भी पेश किया।

हालांकि, जेटली अमेरिका में रहते हुए भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहे। उन्होंने इस दौरान फेसबुक और ट्विटर पर कई बार लिखा तथा बजट पेश होने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के जरिये एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित किया।