Follow Us:

नाहन: चंदोल में गिरी मारूति कार, बच्ची की मौत, पिता-भाई घायल

पी. चंद |

जिला सिरमौर के दूरजराज क्षेत्र में हुई कार दुघर्टना में एक बच्ची की मौत हो गई है। जबकि, बच्ची के पिता और भाई गंभीर रुप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार सोलन अस्पताल में चल रहा है। उधर, राजगढ़ पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार उपमंडल राजगढ़ में सोलन-पैणकुफर सड़क पर चंदोल के पास मारूति कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार 3 लोग घायल हो गए। घायलों को चंदोल से निजी वाहन में सोलन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 11 साल की रितिका को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में नौहरी निवासी रितिका के पिता जितेंद्र सिंह और 14 साल का भाई अनिकेत गंभीर रूप से घायल हुए।

लोगों का आरोप है कि हादसे के दौरान एंबुलेंस को भी फोन पर सूचित किया गया था, लेकिन समय पर सुविधा न मिलने के कारण उन्हें निजी वाहन में अस्पताल ले जाना पड़ा। लोगों का यह भी कहना है कि यदि एंबुलेंस सुविधा मिलती तो बच्ची की जान बच सकती थी, लेकिन राजगढ़ से एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो पाई। उधर, राजगढ़ पुलिस ने कार हादसे की जांच शुरू कर दी है।