Follow Us:

राहुल और दिग्विजय के बयानों से कांग्रेस की स्थिति हुई खराब : अनुराग ठाकुर

पी. चंद. शिमला |

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के ब्यान पर पलटवार करते हुए दिग्विजय और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। अनुराग ने कहा कि दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी के बयानों के कारण ही आज कांग्रेस की यह स्थिति हुई है। चुनावों से पहले तो कांग्रेस को हिन्दू याद आते है और चुनाव जाते ही यह मुस्लिमों की बात करते हैं। हिन्दू और मुस्लिमों में देश को बांटने के लिए कांग्रेस पहले से ही जानी जाती है। उन्होंने कहा कि जब मुस्लिम बहनों के हकों की बात आई, तो ट्रिप्पल तलाक का विरोध कांग्रेस करती रही। लेकिन राज्यसभा में पूर्ण बहुमत होते हुए भी मोदी सरकार ने ट्रिपल तलाक और अनुच्छेद 370 के वायदों को पूरा किया है।

अनुराग ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे बयानों के कारण ही पिछले दो चुनावों से कांग्रेस नेता विपक्ष के दर्जे जितने सांसद भी नहीं जीता पाई है। वहीं, विपक्ष द्वारा जयराम सरकार पर ऋण को लेकर की जा रही घेरेबंदी पर अनुराग ने प्रदेश सरकार का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर ही प्रदेश को कर्ज में डुबोने का आरोप लगाया। अनुराग ने कहा कि आज कई राज्यों पर बहुत कर्ज है लेकिन फिस्कल डेफसिट तीन प्रतिशत के अंदर मैंटेन किया जा रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 14वें वित्तयोग में बहुत बड़ी राहत हिमाचल जैसे कई राज्यों को दी है। जिसमें पहले से कहीं अधिक पैसा मिला है। 15वें वित्तयोग की रिपोर्ट इस साल के अंत में आएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने जब-जब सहायता मांगी है मोदी सरकार ने हिमाचल को बड़े-बड़े प्रोजेक्ट दिए गए हैं। ऐसा नहीं है कि बीजेपी की सरकार प्रदेश और केंद्र में है, तब सहायता मिलेगी। जब हिमाचल में कांग्रेस की सरकार थी, तब भी नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की दिल खोलकर सहायता की है।