Follow Us:

AAP के सोशल मीडिया प्रमुख कर रहे खालिस्तान समर्थक ट्वीट, एजेंडे का हुआ पर्दाफाश: BJP

पी. चंद |

पी. चंद। भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। संयुक्त बयान में नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी का राष्ट्र विरोधी एजेंडा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। खालिस्तानियों के साथ आम आदमी पार्टी की नजदीकियां जगजाहिर हैं। पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई है, देश विरोधी ताकतों ने देश के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी है। पंजाब के बाद अब इसका असर हिमाचल में भी दिखने लगा है।

हिमाचल आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी हरप्रीत सिंह बेदी खुद खालिस्तानियों का पक्ष ले रहे हैं। वे ट्वीट के जरिए अलग मुद्रा और अलग राष्ट्र की मांग कर रहे हैं।
आप के हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया प्रमुख के ट्वीट ने साबित कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल खालिस्तानियों से जुड़े हुए हैं। आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय एजेंडा देश और हमारे राज्य के लिए अस्वीकार्य है। वीरभूमि हिमाचल के देशभक्त नागरिक देश के विभाजन की बात करने वालों को करारा जवाब देंगे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि क्या अरविंद केजरीवाल को खालिस्तान नेताओं ने इस तरह के आंदोलन के लिए फंड दिया है, उनकी पार्टी के लोगों को इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। ऐसा लगता है कि आम आदमी पार्टी राज्य में अराजकता फैलाना चाहती है। उनकी राजनीतिक पार्टी किसी अन्य आतंकवादी संगठन की तरह काम करती दिख रही है। यह इस बात का सबूत है कि आप सांप्रदायिक दंगों को बढ़ावा दे रही है और देश में तोड़-फोड़ कर रही है। भाजपा किसी भी ऐसे आंदोलन को बर्दाश्त नहीं करेगी जिससे देश की एकता को ठेस पहुंचे।

हम आप नेताओं से पूछना चाहेंगे कि क्या केजरीवाल देवभूमि हिमाचल को खालिस्तानियों का गढ़ बनाना चाहते हैं? केजरीवाल को खालिस्तानियों से इतनी सहानुभूति क्यों है? आम आदमी पार्टी में खालिस्तानी समर्थकों को क्यों बढ़ावा दिया जा रहा है? अगर केजरीवाल ही देशभक्त होने का दिखावा करते हैं तो पार्टी ने अब तक आप के सोशल मीडिया मुखिया पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?