-
पहले चरण में 150 करोड़ से बनेंगे राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल
-
नगरोटा में 5 करोड़ की लागत से स्कूल व बालिका छात्रावास का भूमि पूजन
-
पीजीडीसीए कक्षाएं और कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव की भी घोषणा
नगरोटा, धर्मशाला, 16 मई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के कबाड़ी में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के भवन निर्माण का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार इन स्कूलों के पहले चरण के निर्माण पर 150 करोड़ रुपये खर्च करेगी। नगरोटा में बनने वाला यह स्कूल 5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा और इसमें आधुनिक सुविधाएं बच्चों को समर्पित की जाएंगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ये स्कूल “स्टेट ऑफ आर्ट” संस्थान के रूप में विकसित होंगे, जिनमें बच्चों के समग्र विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और तकनीकी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। स्कूल परिसर का एक-तिहाई हिस्सा खेल मैदान और इंडोर स्टेडियम के लिए आरक्षित रहेगा, जिनमें फुटबॉल और हॉकी जैसे खेलों की सुविधा भी शामिल होगी। प्रारंभ में ये स्कूल पांचवीं कक्षा से आरंभ होंगे और आगे चलकर बारहवीं कक्षा तक विस्तारित किए जाएंगे।
नगरोटा महाविद्यालय में भी शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई घोषणाएं की गईं। शिक्षा मंत्री ने 5 करोड़ की लागत से कन्या छात्रावास निर्माण की घोषणा की। साथ ही PGDCA (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन) की कक्षाएं भी शीघ्र आरंभ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि एपी कंप्यूटर साइंस के एक पद को भी शीघ्र भरा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सके।

इसी अवसर पर शिक्षा मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप्स का आयोजन लगातार कर रही है। इस कैंप में कुल 113 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट रैंक प्राप्त आरएस बाली भी उपस्थित रहे। उन्होंने नगरोटा के समग्र विकास के लिए चल रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विशेष निर्देशों पर वे स्वयं इन परियोजनाओं की निगरानी कर रहे हैं।




