Follow Us:

वाइल्ड लाइफ विंग का मुख्यालय शिमला से धर्मशाला शिफ्ट,अधिसूचना जारी

  • हिमाचल सरकार ने वाइल्ड लाइफ विंग का मुख्यालय शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की

  • यह कदम धर्मशाला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की योजना के तहत उठाया गया है

  • कांगड़ा जिले के बनखंडी में 619 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा चिड़ियाघर भी निर्माणाधीन है



Wildlife wing headquarters: हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए वन विभाग के वाइल्ड लाइफ विंग के मुख्य कार्यालय को शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने की अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी है। यह निर्णय हाल ही में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था, जिसे अब औपचारिक रूप से अधिसूचित कर दिया गया है।

सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) का कार्यालय अब पीसीसीएफ (एचओएफएफ) टालैंड शिमला से स्थानांतरित होकर धर्मशाला स्थित सीपीडी केएफडब्ल्यू परियोजना कार्यालय के भवन में कार्य करेगा। साथ ही, केएफडब्ल्यू कार्यालय को सीएफ वाइल्ड लाइफ धर्मशाला के रिक्त कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है।

यह फैसला धर्मशाला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है। जिला कांगड़ा में पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सरकार कई योजनाएं चला रही है, जिनमें 619 करोड़ रुपये की लागत से बनखंडी में देश का सबसे बड़ा चिड़ियाघर प्रमुख है। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का जूलॉजिकल पार्क है, जिसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

सरकार का मानना है कि वन्यजीव मुख्यालय के धर्मशाला स्थानांतरण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही, आने वाले समय में कुछ और सरकारी कार्यालयों को भी कांगड़ा जिले में स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है।