➤माँ बगलामुखी मन्दिर सेहली में 69वीं वार्षिक जाग का आयोजन 7 सितम्बर को
➤रातभर भजन, पूजा और डायनीयो-देवताओं के युद्ध का प्रसंग बताया जाएगा
➤भक्तों की मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष अनुष्ठान व भण्डारा होगा
विपलव सकलानी, मंडी
मंडी जिले के तुगल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शक्ति पीठ माँ बगलामुखी मन्दिर सेहली में 69वीं वार्षिक जाग 7 सितम्बर 2024 को पूरे श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित की जाएगी। इस वार्षिक जाग का आयोजन हर वर्ष बड़ी धूमधाम से किया जाता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
मन्दिर के पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि इस जाग के दौरान देवी माँ की विशेष पूजा-अर्चना होगी। इस अवसर पर रात 12 बजे माँ बगलामुखी की विशेष पूजा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जाग के दौरान देवताओं और डायनीयो के बीच हुए प्राचीन युद्ध के प्रसंगों का भी विशेष उल्लेख किया जाएगा। इस युद्ध की कथा के माध्यम से यह बताया जाता है कि किन कारणों से किसी व्यक्ति पर डायनीयो का प्रभाव पड़ता है और उससे कैसे मुक्ति पाई जा सकती है।
कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार शाम 5 बजे भण्डारे से होगी, जो रात 10 बजे तक चलेगा। इसके बाद रात 8 बजे से 12 बजे तक विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा जागरण किया जाएगा। रात 12 बजे से जाग का विधिवत आयोजन शुरू होगा।
पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में शामिल होकर और माँ के दर्शन कर भक्त अपनी हर मनोकामना की पूर्ति के लिए आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। जाग के दौरान विशेष उपाय बताए जाएंगे जिनके माध्यम से नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति मिल सकती है।



